Sunday, August 17, 2014

कुछ किस्से कविताओं में
व्यक्त न हो पाएँगे
किसी और दिन की खातिर
मन की बोरियों में बँध जाएँगे
आज के लिए बस
ये प्रार्थना पर्याप्त हो
जब तक जीवन की लौ जले
शब्दों का साथ हो 

Saturday, August 16, 2014

वो कहते हैं रोम एक रात में नहीं बना 
फिर एक रात में
ध्वस्त कैसे हो जाती हैं
वर्षों, युगों की इमारतें
एक ठोकर में कैसे 
बिखर जाती हैं
एक एक कर संजोयी सीपियाँ
क़तरा क़तरा स्वप्न का भी
चकनाचूर होते देखा है
रात के कुछ लम्हों में
तुम भी तो चले गए थे
एक रात में ही
फिर कभी न लौटने को
कितना कुछ बदल जाता है
एक रात के विस्तार में
विनाश रचना से इतना सरल क्यों है?

Sunday, May 4, 2014

धीरे धीरे सुन्न से होते जा रहे हैं सब 
लफ्ज़, शब्द, नब्ज़ 
सन्नाटा जीतने को है जल्द ही 
मेरे मंन के निरंतर शोर से 
नज़र में आ रहा है अब 
गहरा शांत तम
बस छूटने को है दम

Monday, April 22, 2013


ज़मीं पर पाँव जलने लगे हैं अब 
ले चलो हमें आसमानों में कहीं 
मायनों की तलाश खोखली सी लगती है 
खोने जाएँ हम भी बेमानों में कहीं

Sunday, August 5, 2012

आँचल का छोर

मेरी नज्मों में छुपे बैठे हो कब से 
रात के साये में लिपटे हुए से 
छुपा छुपी के इस खेल में तलाशती रहती हूँ मैं 
कभी तुम्हे, कभी अपने आँचल के छोर को 

वहीँ कहीं शायद किसी गाँठ में 
हमने चावल के दानों के साथ 
कसमें बाँधी थीं कभी



Friday, May 25, 2012

इक दिन के लिए आओ
ज़िन्दगी बदल के देखें 
तुम आग के दरिये तैरो 
हम ठंडी आहें सेंकें 

ऐसी रात में मिल

चाँदनी जब छन के 
आँगन में उतरे 
और तारों की बारिश में 
भींगे हों दिल 

सौंधी सी हवा में
आज़ाद हों खुशबुएँ
और नींदों की गलियों में
सपने हों शामिल

ऐसी मद्धम सी रात में
जब सपने और हकीकत
का फर्क धुंधला जाए
ऐसी रात में, चुपचाप कभी
ख़याल बन के मिलना