Sunday, August 5, 2012

आँचल का छोर

मेरी नज्मों में छुपे बैठे हो कब से 
रात के साये में लिपटे हुए से 
छुपा छुपी के इस खेल में तलाशती रहती हूँ मैं 
कभी तुम्हे, कभी अपने आँचल के छोर को 

वहीँ कहीं शायद किसी गाँठ में 
हमने चावल के दानों के साथ 
कसमें बाँधी थीं कभी



Friday, May 25, 2012

इक दिन के लिए आओ
ज़िन्दगी बदल के देखें 
तुम आग के दरिये तैरो 
हम ठंडी आहें सेंकें 

ऐसी रात में मिल

चाँदनी जब छन के 
आँगन में उतरे 
और तारों की बारिश में 
भींगे हों दिल 

सौंधी सी हवा में
आज़ाद हों खुशबुएँ
और नींदों की गलियों में
सपने हों शामिल

ऐसी मद्धम सी रात में
जब सपने और हकीकत
का फर्क धुंधला जाए
ऐसी रात में, चुपचाप कभी
ख़याल बन के मिलना 

Thursday, December 15, 2011


बुझ जाने दो आज दिये
अँधेरों को पास आने दो 
एक बार बस साँसों में
इस सूनेपन को समाने दो 

चाँद का चेहरा बादलों में
अब छुप जाए तो अच्छा
आहों की लड़ी सन्नाटे में
घुल जाए तो अच्छा
बंद कर के पलकों को 
सपनों में न खोना 
ये रात आज गहरा कर 
थम जाए तो अच्छा
कब तक उजालों में हम तुम
झूठे हौसले तापें 
सच आज आँखों के कोनों में
जम जाए तो अच्छा 

फूँक लेने दो आज ये लौ 
पी लें हम ये रात 
एक आख़िरी बार आओ 
जी लें ये जज़्बात 



Friday, November 25, 2011

रेगिस्तान


रेगिस्तान सा है दिल मेरा
दिन भर तपता है 
एड़ियों की तरह 
सुनहरी रेत के सुनहरे दानों में दबे 
भूले हुए सपनों की तलाश में
प्यास में 
पर जब उतर आती है रात इसके आँगन में 
थम जाता है 
शीतल शिथिल चाँदनी की तरह 
जम जाता है 
जैसे कभी किसी बेरहम बेपरवाह सूरज को
जानता ही नहीं था 

Thursday, November 24, 2011

तलाश


ख़ुदा ढूँढने निकले थे
खुद से मुलाक़ात हो गई
तलाश वहीं पर कुछ
मुक़म्मल सी लगने लगी
मोमबत्ती की रोशनी
जब दिल के कोनों पर पड़ी
एक सरहद सी थी जो दो परछाइओं के बीच
पिघलने सी लगी
मेरे उजालों ने मेरे अंधेरों को
अपनाना सीख लिया 

Saturday, November 19, 2011

कल रात

चाँद को देखा था कल रात मैंने
कुछ भीगा भीगा था वो भी
शाम की बारिश से 
मेरे ख़्वाबों की तरह
हथेलियों को जोड़कर
पी ली थीं मैंने भी
चाँदनी की चाशनी में डूबी
कुछ बूँदें
तुम थे कहीं उस एहसास में 
जिसने हलक को भिगोया तो था 
पर प्यास को बुझा न पाया था 
कल रात चाँद भी
भीगा भीगा सा
प्यासा प्यासा सा था
शायद तुमने भी देखा होगा उसको

तुम्हारे शहर में भी तो अक्सर
बारिशों वाली रातें हुआ करती थीं